एक करोड़ की रंगदारी के लिए फायरिंग मामले में गोदारा व चारण गैंग का गुर्गा गिरफ्तार

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। पुलिस ने रतनगढ़ क्षेत्र में रंगदारी, फायरिंग और दहशत फैलाने के चर्चित मामले में गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण के सक्रिय गुर्गे रोशन उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया है। जयपुर जिले के रेनवाल मांझी थाना क्षेत्र स्थित गोपालनगर तूत की ढाणी निवासी 28 वर्षीय रोशन उर्फ साहिल को पुलिस ने प्रोटेक्शन वारंट पर जयपुर सेंट्रल जेल से गिरफ्तार किया। मामले में पुलिस अब तक कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। मामला रेलवे घूमचक्कर के पास रहने वाले व्यवसायी सुनील कुमार प्रजापत के घर हुई फायरिंग से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि घटना की पूरी रूपरेखा और साजिश रचने में रोशन उर्फ साहिल की मुख्य भूमिका थी। अपराध प्रमाणित होने पर पुलिस ने न्यायालय से प्रोटेक्शन वारंट हासिल कर आरोपी को जयपुर जेल से हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सिंडिकेट के काम करने के तरीके का भी बड़ा खुलासा हुआ है। स्थानीय स्तर पर सक्रिय गुर्गे थोड़े से प्रलोभन के लिए क्षेत्र के ज्वैलर्स, कारोबारियों और धनाढ्य लोगों के नाम, पते व मोबाइल नंबर सोशल मीडिया के जरिए विदेश में बैठे मुख्य गैंगस्टरों तक पहुंचाते हैं। इसके बाद मुख्य सरगना विदेशी नंबरों से कॉल कर कारोबारियों से भारी रंगदारी मांगते हैं और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकियां देते हैं। स्थानीय गुर्गे ही रंगदारी की रकम और हथियारों का परिवहन करने के साथ-साथ व्यापारियों के घरों पर फायरिंग जैसी आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से रोहित गोदारा की मौजूदा गतिविधियों और गैंग के अन्य फरार सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है।

You might also like