हेरोइन चिट्टा सहित महिला गिरफ्तार
निसं
चूरू (नवयत्न)। जिले की सादुलपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन नकेल के तहत डीएसटी चूरू एवं स्थानीय थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक महिला को 20.43 ग्राम अवैध मादक पदार्थ हेरोइन चिट्टा सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस अब मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े मुख्य सप्लायर एवं खरीददारों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। थाना अधिकारी राजेश सिहाग ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देश पर युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए ऑपरेशन नकेल अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत डीएसटी चूरू एवं थाना पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस अधिकारियों के सुपर विजन में प्राप्त आसूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने गश्त के दौरान मुखबिर तंत्र एवं स्थानीय सूचना का संकलन करते हुए कस्बे में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने किरण पत्नी रोहित निवासी वार्ड नंबर 13, मातामंडी, राजगढ़ थाना को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। पुलिस ने नियमानुसार तलाशी कार्रवाई की तो महिला के कब्जे से 20.43 ग्राम अवैध मादक पदार्थ हेरोइन चिट्टा बरामद हुआ। मादक पदार्थ बरामद होने पर पुलिस ने आरोपी महिला को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला किरण देवी लुधियाना पंजाब से चि_ा लेकर बस में सवार होकर सादुलपुर आ रही थी। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। थाना अधिकारी ने बताया कि पुलिस आरोपी महिला से यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हेरोइन चिट्टा उसे कहा से मिला और इसकी सप्लाई किस व्यक्ति द्वारा की गई थी। इसके अलावा मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका तथा सप्लायर एवं खरीददारों के नेटवर्क के संबंध में भी आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना अधिकारी राजेश कुमार सिहाग, उप निरीक्षक रामावतार मीणा, हेड कांस्टेबल सीताराम, कांस्टेबल अनिता सहित जिला स्पेशल टीम डीएसटी चूरू की विशेष भूमिका रही। थाना अधिकारी राजेश सिहाग ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।