पंचायत चुनाव में रामेश्वर डूडी परिवार की एंट्री, निकिता डूडी ने भरा नामांकन

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। पंचायत चुनाव के बीच राजस्थान की राजनीति में अपनी पहचान रखने वाले स्वर्गीय रामेश्वर डूडी के परिवार की चुनावी मैदान में एंट्री हो गई है। उनकी पुत्रवधू निकिता डूडी ने जिला परिषद के वार्ड संख्या 13 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान स्वर्गीय रामेश्वर डूडी के पुत्र अजय डूडी भी मौजूद रहे। निकिता डूडी के नामांकन के बाद बीकानेर जिले की राजनीतिक गतिविधियों में हलचल तेज हो गई है। स्वर्गीय रामेश्वर डूडी राजस्थान की राजनीति के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे थे। वे पूर्व नेता प्रतिपक्ष, पूर्व सांसद और पूर्व जिला प्रमुख के पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनके परिवार की सदस्य निकिता डूडी के चुनावी मैदान में उतरने को जिले की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
जिला प्रमुख पद की दावेदारी को लेकर चर्चा
निकिता डूडी को जिला प्रमुख पद के संभावित दावेदारों में माना जा रहा है। हालांकि जिला प्रमुख पद को लेकर अंतिम स्थिति चुनाव परिणाम और संबंधित राजनीतिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी। उनके नामांकन के साथ ही जिला परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
नामांकन के दौरान कई नेता रहे मौजूद
निकिता डूडी के नामांकन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष रामनिवास तरड़, पूर्व जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह, सवाई सिंह, रामनिवास गोदारा, सीताराम डूडी, रामनारायण ज्यानी, गणपत राम बिश्नोई तथा श्रीकृष्ण सिंवर सहित अनेक नेता और समर्थक मौजूद रहे। पंचायत चुनाव में निकिता डूडी की उम्मीदवारी के बाद अब वार्ड संख्या 13 के चुनाव पर राजनीतिक दलों और क्षेत्र के लोगों की नजरें रहेगी।

You might also like