बालाजी गौ सेवा समिति का विशेष अभियान, बेसहारा गौवंश और सांडों का किया रेस्क्यू

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। कस्बे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और बेसहारा गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बालाजी गौ सेवा समिति ने विशेष अभियान चलाया। समिति के युवाओं ने रात्रि में अभियान शुरू कर मुख्य बाजार और बस स्टैंड सहित प्रमुख स्थानों से बेसहारा गोवंश और सांडों का रेस्क्यू किया। रेस्क्यू किए गए सांडों को साहवा रोड स्थित बालाजी गौ सेवा समिति की गोशाला में पहुंचाया गया। अभियान के दौरान नगर पालिका चेयरमैन हरि इंदौरिया भी मौके पर मौजूद रहे। समिति की ओर से इससे पहले भी इस तरह का अभियान चलाया जा चुका है। शहर के मुख्य बाजार और बस स्टैंड जैसे व्यस्त स्थानों पर बेसहारा गोवंश की मौजूदगी से यातायात प्रभावित होने के साथ सड़क हादसों की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में गोवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने से एक ओर उन्हें सहारा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर यातायात व्यवस्था में सुधार और हादसों पर अंकुश लगाने में भी मदद मिल सकती है। समिति का उद्देश्य दीपावली से पहले शहर में घूम रहे सभी बेसहारा गोवंश को गोशाला पहुंचाना है। इसके लिए अभियान को आगे भी जारी रखने की योजना है। अब देखना होगा कि इस पहल के साथ प्रशासन और संबंधित संस्थाओं के सहयोग से शहर को बेसहारा गोवंश की समस्या से कितनी राहत मिलती है। इस मौके पर अध्यक्ष पवन स्वामी, शिव कुमार, महेश शर्मा, विजेंद्र चाचान, नवदीप सिंह, वेदप्रकाश, लालचंद शर्मा, गोलू राम, नवीन सैन, बलवान प्रजापत, देवकी नंदन महर्षि आदि मौजूद थे।

You might also like