प्रकोष्ठ प्रभारी अपने प्रकोष्ठ के कार्यों के बारे में स्पष्ट रहें, सौंपे गए दायित्वों का करें समुचित निर्वहन : सुराणा
चूरू (दैनिक नवयत्न ) । जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने सोमवार को जिला परिषद सभागार में पंचायतीराज एवं नगर निकाय आम चुनाव— 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पूर्व तैयारियों के क्रम में विभिन्न प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी सुराणा ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं—पेयजल, छाया, रैंप, प्रकाश व्यवस्था एवं बैठने की समुचित व्यवस्था की एनालिसिस करें। सभी प्रकोष्ठ प्रभारी निर्धारित दायित्वों की अक्षरश: पालना करें और समयबद्ध ढंग से सभी गतिविधियां संपादित हों। सभी प्रकोष्ठ प्रभारी अपने प्रकोष्ठ के कार्यों के बारे में स्पष्ट रहें तथा सौंपे गए दायित्वों का समुचित निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने मतदाता सूची के अद्यतन, नामांकन प्रक्रिया, मतदान दलों के गठन, प्रशिक्षण कार्यक्रम, ईवीएम/मतपेटी प्रबंधन, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, आदर्श आचार संहिता की पालना, शिकायत निवारण, मीडिया मॉनीटरिंग एवं प्रचार— प्रसार प्रकोष्ठ की सक्रियता तथा मतदान सामग्री के वितरण एवं संग्रहण आदि कार्यों के बारे में प्रकोष्ठ प्रभारियों से चर्चा की और दायित्वों के समुचित निर्वहन के निर्देश दिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पिता सोनी ने बैठक का संचालन करते हुए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से लेकर मतगणना तक की प्रक्रिया के दौरान प्रकोष्ठ प्रभारियों के दायित्व तथा आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की चर्चा की और प्रकोष्ठ प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही।
उन्होंने सामान्य प्रकोष्ठ (निर्वाचन शाखा), आरक्षण निर्धारण प्रकोष्ठ, नाम निर्देशन पत्र प्राप्ति प्रकोष्ठ, मतदान दल व मतगणना दलों के गठन प्रकोष्ठ, जोनल/ सेक्टर/ एरिया मजिस्ट्रेट की नियुक्ति संबंधी प्रकोष्ठ, कानून व व्यवस्था प्रकोष्ठ, यातायात, प्रशिक्षण, सामान्य लेखा (निर्वाचन), निर्वाचन स्टोर, यात्रा भत्ता, पीओएल, आचार संहिता, मतपत्र मुद्रण व ग्रीन पेपर सील इत्यादि वितरण प्रकोष्ठ, अभ्यर्थियों को चुनाव प्रचार हेतु स्थान आवंटन करने संबंधी प्रकोष्ठ, वीडियोग्राफी, मीडिया एवं प्रचार—प्रसार, अवकाश स्वीकृति, पेड न्यूज मॉनीटरिंग, चुनाव संपन्न होने के बाद सामग्री एवं बैलेट बॉक्स/ ईवीएम व प्राप्ति व सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना व्यवस्था, अल्पाहार व भोजन व्यवस्था प्रकोष्ठ, सांख्यिकी सूचना, पर्यवेक्षक, रूटचार्ट चैकपोस्ट, डाक मतपत्र, नियंत्रण कक्ष, सामान्य व्यवस्था, निर्वाचन व्यय, अनुवीक्षण, ईवीएम, भौतिक सत्यापन कमेटी, दिव्यांग मतदाता सुविधा प्रकोष्ठ तथा पंचायत समिति / स्थानीय निकाय स्तर पर व्यवस्था हेतु प्रकोष्ठ आदि के बारे में समुचित जानकारी देते हुए विस्तृत निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्वेता कोचर सहित संबंधित प्रकोष्ठ प्रभारी मौजूद रहे।