निशान लेकर पदयात्रियों का जत्था हुआ रवाना
निसं
सूरजगढ़ (नवयत्न ) । कस्बे के हनुमंत धाम कानोड़िया बालाजी मंदिर सहित अन्य बालाजी मंदिरों से शनिवार को चैत्र शुक्ल पक्ष दशमी को निशान पदयात्रियों के जत्थे सालासर धाम के लिए रवाना हुए। पुजारी मूलचंद मिश्रा के सानिध्य में निशानधारी शंकरलाल मिश्रा के नेतृत्व में छह दशकों से चली आ रही निशान चढाने की परंपरा निभाई गई। मंदिर परिसर में निशान की विधिवत पूजा अर्चना के बाद पुजारी शंकरलाल मिश्रा के नेतृत्व में निशान पदयात्रियों का जत्था पुष्प वर्षा के साथ सालासर धाम के लिए रवाना हुआ। मंदिर परिसर से शुरू हुई निशान पदयात्रा का कस्बे में जगह जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर निशान का स्वागत किया। इस मौक़े पर मुरारीलाल दाधीच, रामगोपाल दाधीच, पालीराम मुंशी, हनुमान दाधीच द्वारा निशान और पदयात्रियों का भव्य स्वागत सत्कार किया गया। कृष्ण शर्मा ने बताया कि हनुमत धाम कनोड़िया मंदिर से 68 वीं निशान पदयात्रा सालासर धाम के लिए निकली है। सालासर बालाजी के परम भक्त स्वः विष्णू मिश्रा (महाराज) द्वारा निशान यात्रा शुरू की गयी थी अब उनके पुत्रों द्वारा इस परंपरा को निभाया जा रहा है। निशान पदयात्रा बगड़, घोड़ीवारा, बलारा, मुकुंदगढ़, लक्ष्मण गढ़ होते हुए एक अप्रेल को निशान श्री राम दरबार सालासर में पहुंचेगा। अगले दिन दो अप्रेल को चैत्र शुक्ल पक्ष पूर्णिमा तिथि (हनुमान जन्मोत्सव) पर सालासर के शिखर बंद पर निशान अर्पित किया जाएगा। जाएगा। इस मौके पर रमाकांत मिश्रा, सीताराम सूंघा, गंगाधर सैन, ओमप्रकाश शर्मा, नरोतम, श्रवण सैनी, सतवीर, कोमल सैन, प्रवीण मिश्रा, जतिन मिश्रा, पवन शर्मा व अन्य श्रद्धालु शामिल रहे।