डस्ट से भरा ट्रोला अनियंत्रित होकर पलटा, दो हिस्सों में बंटा, दुकानों में भर गई डस्ट 

 

 

निसं 

पचेरी कलां (नवयत्न ) । स्टैंड पर अल सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब डस्ट से भरा एक ट्रोला अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रोला दो हिस्सों में बंट गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि चालक बिजेंद्र को मामूली चोटें आईं।

जानकारी के अनुसार एक ट्रोला सिंघाना की ओर से डस्ट लेकर हरियाणा की ओर जा रहा था। इस दौरान जब वह पचेरीकलां पंहुचा तो स्टैंड के पास मोड़ पर अचानक संतुलन बिगड़ने से वह पलट गया। पलटते ही ट्रोले में भरा डस्ट सड़क पर फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

सूचना मिलने पर पचेरीकलां पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। इस दौरान जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर फैली डस्ट को हटाने और क्षतिग्रस्त ट्रोले को किनारे करने का कार्य किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे का कारण घुमावदार मोड़ पर अचानक ट्रोला अनियंत्रित होना माना जा रहा। मामले की जांच जारी है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे भारी वाहनों को नियंत्रित गति में चलाएं, खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों और स्टैंड के पास।

इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। ट्रोला पलट जाने से डस्ट दुकानों में घुस गई। इस दौरान ग्रामीणों ने ओवरलोड वाहनों पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

You might also like