भाजपा ने नवनियुक्त पार्षदों का किया सम्मान, पंचायतीराज चुनाव पर चर्चा
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न)। केसीसी स्थित दीनबंधु मैरिज पैलेस में गुरुवार को भाजपा की ओर से नवनियुक्त पार्षद सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवनियुक्त नगरपालिका पार्षदों का सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर रहे। अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष गीता देवी ने की। विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक हजारीलाल गुर्जर, पूर्व प्रधान मदनलाल गुर्जर, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष विजेश शाह, लीलाधर सैनी, गजेंद्र जलंद्रा, ज्योति भारद्वाज, शेरसिंह निर्वाण और नगेंद्र सोढ़ा रहे। समारोह में आगामी पंचायतीराज चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर चर्चा हुई। विधायक धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि खेतड़ी नगरपालिका में भाजपा का निर्विरोध बोर्ड बना है। इसी एकजुटता के साथ पंचायतीराज चुनाव की तैयारियां करते हुए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचना होगा। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत करने में कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। नगरपालिका अध्यक्ष गीता देवी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी पार्षदों और कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा। जनता ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान खेतड़ी और बबाई पंचायत समितियों के विभिन्न वार्डों के प्रभारी व सहप्रभारी भी नियुक्त किए गए। समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।