सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । ग्राम पंचायत निम्बी जोधा के राजकीय भीकूलाल सारडा उच्च माध्यमिक विद्यालय की बालिकाओं को राजस्थान सरकार द्वारा प्रदत्त नि: शुल्क साईकिल वितरण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सुमित्रा रलिया जेठू प्रधानाचार्या एवं पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी ने राजस्थान सरकार द्वारा विधार्थियों को नि: शुल्क पाठ्य-पुस्तकों के वितरण किये जाने, मिड डे मील, ट्रांसफर वाउचर की राशि, वर्क बुक्स, साईकिल-स्कूटी वितरण व भ्रमण करवाने सहित तमाम तरह की योजनाओं की जानकारी देते हुए अनामांकित बच्चों के प्रवेश सरकारी स्कूलों में करवाने की बात कही। वहीं शाला के उप प्राचार्य शिवनारायण कासनियां व जगदीश प्रसाद घिंटाला ने अक्षय तृतीया पर बाल विवाह रोकने के सरकार के प्रयासों से अवगत करवाते हुए बाल विवाह,अनमेल विवाह व दहेज मुक्त शादी समारोह सम्पन्न कराने व फिजूलखर्ची रोक कर दहेज में नगदी, घोड़ी के गीत व तमाम तरह के आडंबरों व दिखावे पर रोक लगाने के साथ ही दहेज सहित तमाम तरह के लेन देनों में कम्प्यूटर, लेपटॉप या साईकिल भेंट करने की बात कही। उल्लेखनीय है कि हाल ही में शाला के शिक्षक जगदीश प्रसाद घिंटाला कसुंबी जाखला ने अपने पुत्र आलोक घिंटाला की शादी में दहेज नहीं लेकर समाज को अच्छा संदेश दिया है।