एनर्जी क्रिकेट लीग प्रतियोगिता का हुआ समापन

निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । केसीसी के नेहरू मैदान में चल रही एनर्जी क्रिकेट लीग प्रतियोगिता का सोमवार देर शाम को समापन हुआ, लेकिन फाइनल मुकाबला बरसात की भेंट चढ़ गया। अचानक तेज हवा के साथ आई बारिश के कारण मैच बीच में ही रोकना पड़ा, जिसके चलते खेतड़ी नगर और खेतड़ी खंड दोनों टीमों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर रहे, जबकि अध्यक्षता अधीक्षण अभियंता (प्रसारण) सुशील सिंह चौहान ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में रोहिताश मणकस, महेंद्र छाबड़ी, चिरानी उपसरपंच सतवीर, एक्सईएन मोहनलाल स्वामी, आनंद कुमार लामोरिया मौजूद थे। मुख्य अतिथि इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं आपसी भाईचारे, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करती हैं। बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता सराहनीय पहल है, जो कार्य के साथ-साथ मानसिक और शारीरिक संतुलन बनाए रखने में सहायक है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। सुशील सिंह चौहान ने कहा कि इस तरह के आयोजन विभागीय समन्वय और आपसी सहयोग को बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना को प्राथमिकता देना ही सच्ची जीत है। साथ ही उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही। प्रतियोगिता संयोजक एक्सईएन मोहनलाल स्वामी ने बताया कि सात दिवसीय प्रतियोगिता 21 अप्रैल से 27 अप्रैल तक चली, जिसमें बिजली विभाग की छह टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में खेतड़ी खंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 8 विकेट पर 130 रन बनाए, जिसमें हवासिंह ने 41 रन बनाए। जवाब में खेतड़ी नगर ने 4 ओवर में 1 विकेट पर 30 रन बना लिए थे, तभी तेज आंधी और बारिश के चलते मैच रोकना पड़ा। अतिथियों ने दोनों टीमों के कप्तानों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। व्यक्तिगत पुरस्कारों में राकेश कुमार (खेतड़ी खंड) को मैन ऑफ द सीरीज, हंसराज गुर्जर को बेस्ट बल्लेबाज और नरेंद्र (खेतड़ी नगर) को बेस्ट गेंदबाज का पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर बृजपाल, सुरेंद्र सैनी, नितिन गजराज, संजीव गुर्जर, घनश्याम, अंकुर धनकड़, सतवीर गुर्जर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

You might also like