​महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में प्रतिभाओं का सम्मान

सुभाष वर्मा
​तारानगर (नवयत्न )। गांव बांय के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, में मंगलवार को एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बोर्ड परीक्षा के टॉपर छात्र-छात्राओं और नवीन प्रवेशी विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र के जाने-माने भामाशाह श्री एल.डी. सरावगी उपस्थित रहे।
​समारोह के दौरान कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले प्रथम तीन विद्यार्थियों— नैना, यशवीर व नसरीन को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। भामाशाह श्री सरावगी ने इन विद्यार्थियों को दुपट्टा पहनाकर, शिक्षण सामग्री और नकद राशि भेंट कर प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही कक्षा 5 और 8 के टॉपर छात्र-छात्राओं का भी उत्साहवर्धन किया गया।
​शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भामाशाह श्री एल.डी. सरावगी ने आगामी सत्र के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने घोषणा की कि आगामी सत्र में 80% से अधिक अंक लाने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, विद्यालय के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए टीन शेड हेतु 1 लाख रुपये, कंप्यूटर और इन्वर्टर आदि उपलब्ध कराने का संकल्प भी लिया।
​सत्र की शुरुआत के साथ ही विद्यालय में नए प्रवेश लेने वाले लगभग 25 छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस दौरान नेमीचन्द गुर्जर व लीलाधर प्रजापत की ओर से बच्चों को लड्डू वितरित किए गए।
​प्रधानाचार्य ओम प्रकाश मान ने बताया कि कार्यक्रम में गांव के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें नेमीचन्द गुर्जर, लीलाधर प्रजापत, गोविन्द झोदकासिया, अमरचन्द जोशी, सत्यनारायण मित्तल, दलीप सिंह बिका, सदीक खां, अमर सिंह गुर्जर एवं भीमसेन प्रजापत सहित समस्त स्टाफ सदस्य शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन महावीर प्रसाद गौड़ द्वारा किया गया।

You might also like