हर मैदान पर केशवानन्द का परचम, फुटबॉल में भी बना चैंपियन

सुरेंद्र शर्मा
सीकर (नवयत्न) । एन एच 52 स्थित स्वामी केशवानन्द शिक्षण संस्थान ने खेल जगत में अपनी शानदार परंपरा को कायम रखते हुए सीबीएसई क्लस्टर अंडर 14 छात्र वर्ग फुटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 का खिताब अपने नाम कर लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में संस्थान की टीम ने अलवर को 2-1 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। खेल प्रभारी महेन्द्र सहारण ने बताया पूरे टूर्नामेंट के दौरान केशवानन्द के खिलाड़ियों ने अनुशासित खेल, बेहतरीन तालमेल, मजबूत रक्षा पंक्ति और आक्रामक रणनीति का शानदार प्रदर्शन किया। संस्थान निदेशक रामनिवास ढाका ने बताया कि इस ऐतिहासिक जीत के साथ एक बार फिर यह साबित हो गया कि केशवानन्द केवल शिक्षा का ही नहीं, बल्कि खेलों का भी एक सशक्त केंद्र है। खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का यह शानदार परिणाम है। संस्थान के खिलाड़ी लगातार एथलेटिक्स, हैंडबॉल, तैराकी, कबड्डी और अन्य खेलों में राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। अब फुटबॉल में मिली यह चैंपियनशिप संस्थान की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय बन गई है। जीत के इस शानदार अवसर पर संस्थान चैयरमेन सुरेन्द्र सिंह, सहनिदेशक गोपाल सिंह, कैंपस हेड राहुल ढाका, प्रधानाचार्य चन्द्र शेखर मिश्रा ने प्रशिक्षक नरेश श्योराण एवं अंकित सहित खिलाड़ियों को बधाईयां एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की।

You might also like