नगरपालिका की बड़ी कार्रवाई, अवैध व्यवसायिक निर्माण की सामग्री जब्त की

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । गौरव पथ पर करीब आधा दर्जन स्थानों पर बिना अनुमति किए जा रहे अवैध व्यवसायिक निर्माण कार्य को लेकर प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला। नगरपालिका प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को कार्रवाई करते हुए निर्माण स्थल से बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री जब्त कर ली।
नगरपालिका के एक्शन से मचा हड़कंप
बुधवार को अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र चौधरी के निर्देश पर स्वास्थ्य निरीक्षक रामचंद्र पुनिया, जमादार महेंद्र कुमार एवं सफाई कर्मचारियों की टीम गौरव पथ पर पहुंची। टीम ने बिना अनुमति चल रहे चार निर्माण स्थलो से तगार, फड़, चौपाईयां, सीढ़ियां और फावड़े एवं बल्लियां सहित अन्य निर्माण सामग्री जब्त कर ली। पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगर क्षेत्र में बिना स्वीकृति किए जाने वाले किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से शहर के अन्य क्षेत्रों में संचालित अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।
खबर पर अधिकारियों ने लिया संज्ञान
नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र चौधरी ने दो दिन पूर्व प्रकाशित खबर पर संज्ञान लेते हुए कमल पुत्र छगनलाल, बच्छराज पुत्र खीवाराम, कैलाश पुत्र बाबूलाल तथा रामगोपाल पुत्र भोलाराम को नोटिस जारी किया था। नोटिस में बताया गया कि गौरव पथ पर नगरपालिका की पूर्व अनुमति के बिना व्यवसायिक निर्माण कार्य किया जा रहा है, जो राजस्थान नगर पालिका अधिनियम 2009 की धारा 182, 194 एवं 245 के प्रावधानों के विपरीत है। पालिका प्रशासन ने संबंधित निर्माणकर्ताओं को अवैध निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से बंद करने तथा स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों सहित दो दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोके जाने पर नगरपालिका ने सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई।

You might also like