खेतड़ी के विकास को लेकर नगरपालिका में हुई बैठक
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी के समग्र विकास और ऐतिहासिक विरासत को पर्यटन के रूप में विकसित करने को लेकर नगरपालिका सभागार में राजस्थान अर्बन डेवलपमेंट बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने की। इस दौरान खेतड़ी के ऐतिहासिक स्वरूप को संरक्षित करते हुए शहर के विकास को नई दिशा देने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि खेतड़ी का इतिहास बेहद गौरवशाली रहा है। जयपुर के बाद खेतड़ी को राजस्थान की प्रमुख और बड़ी रियासतों में माना जाता था। रियासतकालीन भवन, हवेलियां, धार्मिक स्थल और ऐतिहासिक धरोहरें आज भी शहर की पहचान हैं, लेकिन राजनीतिक अपेक्षाओं के चलते खेतड़ी अपनी रियासतकालीन पहचान और विरासत को उस स्तर पर नहीं उभार पाया, जिसकी वह हकदार थी। उन्होंने कहा कि अब राजस्थान डेवलपमेंट अथॉरिटी के सहयोग से खेतड़ी के ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों को विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। शहर की पुरानी विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि खेतड़ी को पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाया जा सके। बैठक में अधिकारियों ने विकास की संभावनाओं और प्रस्तावित योजनाओं पर चर्चा की। साथ ही आमजन से भी शहर के विकास को लेकर सुझाव मांगे गए। इस दौरान लोगों से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने उपयोगी सुझाव प्रशासन तक पहुंचाने का आह्वान किया। अधिकारियों ने कहा कि खेतड़ी के विकास में आमजन की भागीदारी महत्वपूर्ण है। स्थानीय लोगों के सुझावों के आधार पर योजनाएं तैयार कर ऐतिहासिक विरासत, पर्यटन, सड़क, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर एसडीएम सुनील कुमार चौहान, डीएसपी राजेंद्र बुरड़क, अधिशासी अधिकारी नागरमल गुर्जर, जिला मंत्री निखिल शर्मा, नगेंद्र सिंह, नंदकिशोर चौकड़ीवाला, बबलू अवाना, एसआई सुनील सैनी, शेर सिंह निर्वाण, संदीप शर्मा, सुखराम गुर्जर, डालचंद, सुभाष चन्द्र, रोहिताश मनकश, सतीश कुमार सहित अनेक लोग मौजूद थे।