चांदमारी खदान के पुनर्ग्रहण स्थल पर 200 पौधे लगाएं

निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के खेतड़ी कॉपर कॉम्प्लेक्स (केसीसी) द्वारा शुक्रवार को चांदमारी कॉपर खदान के समीप स्थित पुनर्ग्रहण स्थल पर मानसून पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि झुंझुनूं की उप वन संरक्षक काव्या पीबी थीं। अध्यक्षता केसीसी कार्यपालक निदेशक एवं इकाई प्रमुख पुरषोतमदास बोहरा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में केसीसी महाप्रबंधक (सांद्रण) वीके इंद्रा, महाप्रबंधक (विद्युत) एस गुहा, सहायक वन संरक्षक अनीता कुमारी, वन क्षेत्र अधिकारी सुनील कुमार मौजूद थे। अभियान के दौरान पुनर्ग्रहण स्थल पर 200 पौधों का रोपण किया गया तथा सभी ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि काव्या पीबी ने खेतड़ी कॉपर कॉम्प्लेक्स द्वारा खनन क्षेत्रों के पुनर्ग्रहण एवं हरित विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पुरषोतमदास बोहरा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि खनन गतिविधियों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए केसीसी लगातार पुनर्ग्रहण कार्यों और पौधारोपण कार्यक्रमों का संचालन कर रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया। सहायक महाप्रबंधक (गवेषण) नागेश राजपूरोहित ने बताया कि मानसून पौधारोपण अभियान के अंतर्गत चांदमारी खदान के पुनर्ग्रहण स्थल पर दो सौ पोधे रोपण कर उनकी सार संभाल की जिम्मेदारी की शपथ ली। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वन विभाग के प्रतिनिधियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा पौधों की सार-संभाल का सामूहिक संकल्प लिया।

You might also like