सांसद का 3 राज बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित एनसीसी एटीसी- II शिविर में आगमन
श्रवण सारस्वत
रींगस (नवयत्न)। राजस्थान के प्रख्यात जनप्रतिनिधि एवं सांसद अमरा राम चौधरी ने चल रहे एनसीसी एटीसी शिविर का दौरा कर कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। शिविर में पहुंचने पर उनका स्वागत संस्थान प्रबंधन एवं एनसीसी अधिकारियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जे. एस. लांबा ( सेना मेडल) ने उपस्थित कैडेट्स को सांसद श्री अमरा राम चौधरी का संक्षिप्त परिचय देते हुए उनके सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों से अवगत कराया।
इसके पश्चात सांसद श्री अमरा राम चौधरी ने सभी कैडेट्स को सामूहिक रूप से संबोधित किया। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, राष्ट्रसेवा एवं नेतृत्व क्षमता के महत्व के बारे में प्रेरित करते हुए कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स को अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर देशहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान कमांडिंग ऑफिसर एवं संस्थान के चेयरमैन द्वारा मुख्य अतिथि सांसद श्री अमरा राम चौधरी का स्मृति चिन्ह एवं शील्ड भेंट कर सम्मान किया गया। इसके उपरांत संस्थान के चेयरमैन श्री प्रदीप कुमार शर्मा जी ने उपस्थित अतिथियों एवं कैडेट्स के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन एनसीसी गीत “हम सब भारतीय हैं” एवं “भारत माता की जय” के जयघोष के साथ हुआ, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
इसके बाद सांसद श्री अमरा राम चौधरी ने शिविर में चल रहे रक्तदान शिविर का भी अवलोकन किया, जहां एनसीसी कैडेट्स स्वेच्छा से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान कर रहे थे। इस दौरान कमांडिंग ऑफिसर, सांसद एवं संस्थान के चेयरमैन ने रक्तदान कर रहे कैडेट्स से मुलाकात कर उनकी समाजसेवा की भावना की सराहना की तथा उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
अंत में सांसद श्री अमरा राम चौधरी ने कुछ कैडेट्स से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनकी एनसीसी यात्रा, अनुभवों एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कैडेट्स को विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में मार्गदर्शन देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।