कचरे का ढेर देख रुके महापौर ने मौके पर खड़े रहकर करवाई सफाई
निसं
जयपुर (नवयत्न)। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम महापौर सुनील कोठारी ने मंगलवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्याधर नगर में सड़क किनारे जमा कचरे के ढेर को हटवाया। महापौर एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान सड़क किनारे कचरे का ढेर देखकर उन्होंने अपना वाहन रुकवाया और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। महापौर ने तत्काल संबंधित उपायुक्त को फोन कर सफाई करवाने के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्य स्वच्छता निरीक्षक सीएसआई और सफाई टीम को मौके पर बुलाया गया। महापौर स्वयं मौके पर मौजूद रहे और जेसीबी, डंपर सहित अन्य संसाधनों की मदद से कचरे को हटवाया। यहां कचरा लंबे समय से जमा होने के कारण डिपो जैसी स्थिति बन गई थी। त्वरित कार्रवाई के बाद क्षेत्र की सफाई करवाई गई। महापौर की इस कार्रवाई से साफ संदेश दिया गया कि शहर की स्वच्छता नगर निगम की प्राथमिकता है और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे का जमाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी जरूरी है। नगर निगम ने आमजन से भी अपील की है कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं डालें तथा निर्धारित स्थानों पर ही कचरे का निस्तारण करें। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही स्वच्छ और सुंदर जयपुर का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।