विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न)। रतनगढ शहर के वार्ड संख्या दो की रहने वाली 35 वर्षीय विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला पुलिस थाने में दर्ज करवाया। पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी अनुसार वार्ड संख्या दो की रहने वाली पुष्पा रूलाणिया पत्नी गिरधारीलाल जाट अपने पिता नानकराम के साथ पुलिस थाने में पेश होकर रिपोर्ट दी कि वह 20 मार्च की शाम घर पर अकेली थी। इस दौरान उसके ससुराल पक्ष के लोग ओमप्रकाश, कुरड़ाराम, बजरंगलाल, सुनील, रामस्वरूप, रामनिवास, विलमा, गोदावरी, सरोज, विकास सहित अन्य लोग गाली-गलौच करते हुए उसके घर में प्रवेश किया तथा उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की।
इन लोगों ने घर में रखे हुए दो लाख रुपए तथा अन्य वस्तुएं चोरी कर ले गए। आरोपी जाते समय विवाहिता का मोबाइल भी छीन लिया। जब विवाहिता ने शोर मचाया तो, पड़ोसी आए, जिस पर ये लोग वहां से चले गए। आरोपियों ने जाते समय विवाहिता को जान से मारने की धमकी भी दी है। इस कृत्य से वह काफी भयभीत है और घर में अकेली रहती है। रिपोर्ट में विवाहिता ने लिखा है कि ये लोग अपराधिक प्रवृति के है और कोई भी घटना कारित कर सकते हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।