पश्चिम बंगाल से अजमेर पहुंचे दो बांग्लादेशी पकड़े

निसं
जयपुर (नवयत्न)। अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों एवं अन्य घुसपैठियों की पहचान के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अजमेर जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने 25वीं कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को दस्तयाब किया। इनमें एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। अभियान के तहत अब तक अजमेर जिले में कुल 59 बांग्लादेशी नागरिकों को दस्तयाब किया जा चुका है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि जिला पुलिस एवं सीआईडी जोन अजमेर की संयुक्त टीम कार्रवाई की है। जहां टीम ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी साधनों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर अजमेर के विभिन्न इलाकों में तलाश की। इसी दौरान दरगाह क्षेत्र से दो संदिग्धों को दस्तयाब किया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम हलीमा खातून और रबीउल इस्लाम बताए। दोनों पति-पत्नी हैं और उन्होंने स्वयं को बांग्लादेशी नागरिक बताया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों पश्चिम बंगाल सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे। इसके बाद असम और कोलकाता में कुछ समय रहने के बाद ट्रेन से अजमेर पहुंचे। दोनों अजमेर में खानाबदोश के रूप में जीवन यापन कर रहे थे। पुलिस दोनों से पूछताछ कर उनके भारत आने और यहां रहने से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

You might also like